डुमरी के बेरमो मोड़ पर नारकोटिक्स विंग ने की कार्रवाई
झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित बेरमो मोड़ पर शनिवार को हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान तांबागुडियो निवासी सत्यम मिश्रा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सत्यम मिश्रा पर डुमरी एवं आसपास के इलाकों से स्पीड पोस्ट के माध्यम से हैदराबाद, मुंबई समेत देश के विभिन्न शहरों में गांजा की तस्करी करने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
कार का टायर बदलवाते समय टीम ने घेरकर पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर सत्यम मिश्रा अपनी कार का टायर बदलवाने के लिए बेरमो मोड़ के पास पहुंचा था। इसी दौरान दो स्कूटी पर सवार नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी वहां पहुंचे। कुछ ही देर बाद एक सफेद रंग की इनोवा कार भी मौके पर आ गई।
इसके बाद टीम के सदस्यों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक को चारों ओर से घेरकर हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ डुमरी थाना ले गए। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय और नाटकीय अंदाज में की गई।
पहले गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, हैदराबाद नारकोटिक्स विंग ने कुछ दिन पहले इसी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सत्यम मिश्रा का नाम सामने आया, जिसके बाद टीम ने डुमरी पहुंचकर यह कार्रवाई की।
एसडीपीओ ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में सत्यम मिश्रा नामक युवक को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच संबंधित एजेंसी द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।











