गिरिडीह: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टेडियम से करीब 200 मीटर आगे गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर कोल्ड ड्रिंक से लदा एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकराने के बाद लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक से भरा टोटो गिरिडीह शहर से पपरवाटांड़ की ओर जा रहा था। वाहन पर क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था। स्टेडियम के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित टोटो पहले सड़क किनारे बनी साइड दीवार से टकराया और फिर संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क से नीचे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से गड्ढे में गिरे टोटो और उसमें लदे कोल्ड ड्रिंक के पैकेट को बाहर निकाला गया। बाद में सामान का मालिक भी मौके पर पहुंचा और दूसरे वाहन में सामान को लोड कर सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोटो पर निर्धारित क्षमता से अधिक माल लोड किए जाने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल चालक सुरक्षित है और पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।












