गिरिडीह: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सितलपुर शमशान घाट रोड स्थित एक बंद पड़े घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेजरी विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी रामेश्वर महतो 20 जून की शाम अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते घर में घुसे और मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखे सामान को खंगालते हुए नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित रामेश्वर महतो ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के इलाज के लिए 50 हजार रुपये नगद घर में रखे थे। चोर उक्त राशि के अलावा जेवरात और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है, जबकि नगदी समेत कुल नुकसान लगभग दो लाख रुपये बताया जा रहा है।
रविवार को जब रामेश्वर महतो घर लौटे तो मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।











