झारखंड सरकार ने राज्य की नई उत्पाद नीति के तहत शराब दुकानों के संचालन समय में बदलाव करते हुए व्यापारियों और उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब शराब की दुकानें सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक खुली रहेंगी। पहले इनका संचालन समय रात 10 बजे तक ही था। यह निर्णय राज्य के राजस्व में बढ़ोतरी और व्यापार सुगमता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
सरकार ने शराब दुकानों के आवंटन हेतु पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को उत्पाद आयुक्त रविशंकर शुक्ला ने सभी जिलों के उत्पाद अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर नई प्रणाली की जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं रहेगी।

wine shop
नियमों के अनुसार, एक आवेदक राज्य में अधिकतम 9 ग्रुप और किसी एक जिले में 3 ग्रुप तक की लॉटरी में भाग ले सकता है। प्रत्येक ग्रुप में 1 से 4 दुकानें शामिल होंगी। इससे नए व्यापारियों को भी शराब व्यापार में अवसर मिलेगा और प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ पारदर्शिता भी बनी रहेगी।
सरकार को उम्मीद है कि इस नई नीति से राज्य को राजस्व में बढ़त मिलेगी और शराब व्यापार से जुड़ी व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी।

liquor policy 2025