झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने स्थापना दिवस के नाम पर जमकर चंदाखोरी कर रही है। जिससे सरकारी अधिकारी भी त्रस्त हो गए हैं।ऐसा आरोप शास्त्रीनगर निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश साव और भाकपा माले के विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा ने लगाया है।बताया गया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा झंडा मैदान में शुक्रवार को पार्टी का स्थापना दिवस मनाएगी।लेकिन इस कार्यक्रम को लेकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लग रहा है। दरअसल झारखंड मुक्ति मोर्चा का कई चंदा रसीद सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है जिसमें नगर निगम के नाम पर 2 लाख रुपये की रसीद काटी गई है।वही कई प्रखंड विकास पदाधिकारी के नाम पर भी 50 -50 हजार रुपये का रसीद फाड़ा गया है। हालांकि इस रसीद के सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकी है। लेकिन ऐसी तस्वीर को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि अगर सरकारी पदाधिकारियों से मोटी रकम वसूली जाएगी तो निश्चित रूप से उनके द्वारा किए जाने वाले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा पाना सत्ताधारी दल को मुश्किल होगा। इन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के इस कार्य की तीखी शब्दों में आलोचना की। इधर भाकपा माले के गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा ने भी कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा भ्रष्ट तंत्र को बढ़ावा दे रही है। स्थापना दिवस के नाम पर पूरे जिले भर से जमकर पैसे की उगाही की जा रही है। तमाम सरकारी विभागों से भी मोटी रकम वसूली जा रही है।ऐसे में उन सरकारी कर्मियों के भ्रष्टाचार करने पर लगाम लगा पाना मुश्किल होगा।










