सिहोडीह स्थित हनुमान नगर मोर्यापूरी से हनुमंत प्राणप्रतिष्ठा को लेकर शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में 101 महिलाएं व कन्याओं ने भाग लिया। आचार्य पंडित रवि कांत पांडे के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं व युवतियों की जत्था सिहोडीह नया पुल के तट पर सर पर कलश रखकर पहुंची। यहां पंडितों ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ सभी 101 कलशो में जल भरवाया। जिसके बाद पुनः महिलाएं व युवतियां सर पर कलश रख कर वापस प्राण प्रतिष्ठा स्थल पहुंची। यहां भी विधि विधान के साथ पूरे कलश को जगह जगह स्थापित किया गया। बताया गया कि पूर्व से निर्धारित समय के अनुसार आज सप्तमी तिथि को भव्य कलश यात्रा निकालकर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की शुरुआत की गई। कलश यात्रा के बाद पूजा स्थल पर वेदी पूजन कर विभिन्न देवी-देवताओं का मंत्रोच्चार के साथ आह्वान किया गया। साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ भी पंडितों द्वारा शुरू किया गया। बताया गया कि शनिवार को सभी देवी देवताओं की पूजन के बाद आरती की जाएगी। वही रविवार को शुभ नवमी तिथि को हनुमंत प्रतिमा प्राणप्रतिष्ठा व ध्वजारोहण किया जाएगा। मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे मोहल्ले में भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। प्राण प्रतिष्ठा स्थल को युवकों द्वारा सजाया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष कुमार, नरेश वर्मा, उमेश यादव, मिथिलेश कुमार, गौतम स्वर्णकार आदि लगे हुए है।










