गिरिडीह (झारखंड): जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले 14 वर्षीय छात्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौ,त हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे का पूरा विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान कठवारा गांव निवासी लखराज सिंह के पुत्र पीयूष कुमार सिंह (14 वर्ष) के रूप में हुई है। पीयूष पीरटांड़ स्थित मॉडल स्कूल में अध्ययनरत था।
प्रतिदिन की तरह बुधवार तड़के वह अपने एक मित्र के साथ बायोडायवर्सिटी पार्क की ओर मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी दौरान कठवारा के पास मुख्य सड़क पर एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और तुरंत पीरटांड़ थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने श,व को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है।
कुछ समय बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद मुख्य सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को पुनः सामान्य कराया।
परिवार में कोहराम, गांव में शोक
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी एक छोटी बहन भी है। बेटे की अचानक हुई मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजन लगातार रो-रोकर बेहाल हैं।
वहीं, पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।











