गिरिडीह: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) को लेकर रविवार को गिरिडीह जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होनी है, लेकिन सुबह 11 बजे से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्रों के बाहर पहुंचकर कतार में खड़े नजर आए।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत गहन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा कर्मियों ने एक-एक अभ्यर्थी की जांच की और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति प्रदान की।
नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
जिले में परीक्षा के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा, गिरिडीह +2 उच्च विद्यालय तथा सर जे.सी. बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस शामिल हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:15 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।












