Giridih News | मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचलकरी में हुए चर्चित दंपती हत्याकांड का गिरिडीह पुलिस ने सफल उद्भेदन कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
गिरिडीह: दंपती हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दलानचलकरी के तिरिलटांड़ टोला में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 02/03 जून 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर पतिया हांसदा एवं उनकी पत्नी परनी देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज शुरू होने से पहले ही दोनों की मौत हो गई थी। घटना के बाद मधुबन थाना कांड संख्या 06/26 दिनांक 04 जून 2026 को बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विशेष जांच टीम के गठन से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डुमरी मो. आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान किया।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक के गोतिया पक्ष के लोगों के साथ लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। इसके अलावा जादू-टोना को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच तनाव था। इसी विवाद ने हत्या की साजिश को जन्म दिया और आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से दंपती की हत्या को अंजाम दिया।
हत्या में इन आरोपियों की भूमिका आई सामने
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रमेश हांसदा, पाण्डु हांसदा और विजय हांसदा ने धारदार हथियार से हमला कर दंपती की हत्या की थी। वहीं दोधमा हांसदा, बबलु हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा ने घटना को अंजाम देने में सहयोग किया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी में हथियार और खून से सने कपड़े बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छूरे, खून के धब्बों वाले कपड़े, एक गुलाबी रंग का सूती गमछा, काला जींस, उजला हाफ टी-शर्ट तथा हरा एवं आसमानी रंग का गमछा बरामद किया है।
बरामद वस्त्रों पर खून जैसे धब्बे पाए गए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- रमेश हांसदा
- पाण्डु हांसदा
- विजय हांसदा
- दोधमा हांसदा
- बबलु हांसदा
- मोती हांसदा
- सिकरा हांसदा
सभी आरोपी दलानचलकरी गांव के जाहेर टोला के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई में शामिल रही पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ डुमरी मो. आबिद खान, अंचल निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद महतो, मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, पीरटांड़ थाना के जितेन्द्र सिंह विष्ट, उमेश कुमार सिंह, तकनीकी शाखा के आरक्षी विवेक कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान एवं चौकीदार शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












