गिरिडीह: गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित दलान चलकरी गांव में हुए दर्दनाक दंपती ह,त्याकांड के बाद प्रशासन का मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। इस दोहरे ह,त्याकांड से जहां पूरा इलाका स्तब्ध है, वहीं उपायुक्त राम निवास यादव की पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त राम निवास यादव स्वयं अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ गांव पहुंचे। खास बात यह रही कि गांव तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें पैदल चलकर घटनास्थल तक जाना पड़ा। मंगलवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने गांव निवासी पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी मरांडी पर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में पति की मौके पर ही मौ,त हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना ने गांव की बदहाल आधारभूत सुविधाओं की भी पोल खोल दी है। सड़क नहीं होने के कारण घायल महिला को ग्रामीणों ने लगभग 150 मीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। यह दृश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी की गंभीर तस्वीर पेश करता है।
गांव पहुंचकर उपायुक्त ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मृतक दंपती के बच्चों को सांत्वना दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़ा रहेगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों की शिक्षा, देखभाल और अन्य आवश्यक जरूरतों की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने मामले में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार किसी वरिष्ठ अधिकारी को इस तरह पैदल चलकर उनके गांव पहुंचते देखा गया है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।












