गिरिडीह में एक सप्ताह से बिजली संकट, फोर फोट्टी से जले टीवी-फ्रिज, सड़क जाम से लगी वाहनों की लंबी कतार
गिरिडीह। लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान मकतपुर के सतगलिया और आसपास की गलियों के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। नाराज लोगों ने मकतपुर चौक को जाम कर बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से इलाके में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
फोर फोट्टी से जले घरों के कई बिजली उपकरण
स्थानीय लोगों ने बताया कि बार-बार फोर फोट्टी (हाई वोल्टेज) आने के कारण कई घरों में टीवी, फ्रिज, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। यहां तक कि अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
सड़क पर उतरे लोग, पुलिस पहुंची मौके पर
बिजली संकट से परेशान लोगों ने आखिरकार सड़क पर उतरकर मकतपुर चौक को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी बिजली व्यवस्था में सुधार और विभाग की ओर से लिखित आश्वासन मिलने तक जाम नहीं हटाने की बात पर अड़े रहे।
मकतपुर-टावर चौक रोड पर लगा लंबा जाम
सड़क जाम के कारण मकतपुर-टावर चौक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।











