गिरिडीह: लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियां सोमवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गईं, जब अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पुतरिया गांव स्थित पोखरिया तालाब में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान मंटू वर्मा की पुत्री करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
छठ घाट पर उमड़ी थी श्रद्धालुओं की भीड़, तभी हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पोखरिया तालाब पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान करिश्मा को तालाब में नहलाने के बाद पानी से निकालकर किनारे लाया गया था।
दोबारा तालाब में जाने की किसी को नहीं लगी भनक
बताया जाता है कि कुछ देर बाद बच्ची दोबारा तालाब के पानी में कब चली गई, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। जब परिजन घर पहुंचे तो करिश्मा वहां नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उसकी तलाश शुरू की गई।
काफी तलाश के बाद गहरे पानी में मिली बच्ची
बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही पिता मंटू वर्मा, दादा नारायण वर्मा, चाचा सुनील वर्मा और ग्रामीणों ने पोखरिया तालाब में उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद करिश्मा गहरे पानी में अचेत अवस्था में मिली।
परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल पानी से बाहर निकालकर बचाने की कोशिश में जुटे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छठ पर्व के दिन हादसे से गांव में पसरा मातम
घटना के बाद मृत बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ महापर्व को लेकर खुशियों और उत्साह का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
वहीं, पुतरिया गांव सहित आसपास के इलाके में इस दर्दनाक घटना से शोक की लहर है। छठ जैसे पावन पर्व के दिन हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।












