गिरिडीह: देवरी थाना क्षेत्र के चतरो-झगरुडीह मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। पुरनाबथान गांव के रमनोटांड़ टोला में तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में प्रमिला देवी (50) और उनकी बेटी लक्ष्मी देवी (20) गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं लक्ष्मी का डेढ़ वर्षीय बेटा विराट कुमार घायल है।
सड़क किनारे बैठे परिवार पर टूटा कहर
जानकारी के अनुसार, गणेश तुरी की पत्नी प्रमिला देवी अपनी बेटियों लक्ष्मी देवी और चंचला देवी तथा नाती विराट कुमार के साथ घर के बाहर सड़क किनारे बैठी थीं। बताया गया कि गांव में उस समय बिजली गुल थी।
इसी दौरान चतरो की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बैठे परिवार के सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रमिला देवी, लक्ष्मी देवी और डेढ़ वर्षीय विराट कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। चंचला देवी बाल-बाल बच गईं। बाइक चालक के भी घायल होने की सूचना है।
अस्पताल पहुंचते ही मां को मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल जलखरियोडीह स्थित अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रमिला देवी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान बुधवार दोपहर उनकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार की मां-बेटी की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
डेढ़ वर्षीय विराट का चल रहा इलाज
हादसे में घायल डेढ़ वर्षीय विराट कुमार का निजी स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। मासूम विराट ने अपनी मां को खो दिया है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़ा
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़ लिया था। बाद में परिजनों के साथ समझौता होने की बात सामने आई। हादसे की सूचना मिलने पर देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, एसआई रिशु सिन्हा और पुलिस पदाधिकारी रामपुकार मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार की दो महिला सदस्यों की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
2023 में हुई थी लक्ष्मी की शादी
बताया गया कि लक्ष्मी देवी की शादी वर्ष 2023 में बेंगाबाद प्रखंड के हाड़ोडीह गांव में हुई थी। उनके पति हैदराबाद में मजदूरी करते हैं। लक्ष्मी पिछले कुछ महीनों से अपने मायके रमनोटांड़ में रह रही थीं। उनका डेढ़ वर्षीय बेटा विराट कुमार भी उनके साथ था।
मंगलवार रात हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।






