गिरिडीह: जिले के उपायुक्त (डीसी) रामनिवास यादव गुरुवार को पैदल चलकर पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन पंचायत स्थित दलुआडीह गांव पहुंचे। उनके साथ बीडीओ मनोज मरांडी भी मौजूद रहे। गांव पहुंचने के बाद डीसी ने पेड़ की छांव के नीचे ग्रामीणों के साथ बैठक की, उनकी समस्याएं सुनीं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए दो महत्वपूर्ण पीसीसी सड़क निर्माण योजनाओं की स्वीकृति की घोषणा की।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने खुद गांव पहुंचे डीसी
दलुआडीह गांव में आयोजित बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मधुबन पंचायत के 10 से 12 टोले आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
डीसी ने कहा कि हाल ही में मरीज को खाट पर ले जाने का वीडियो सामने आया था, जिसे राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार ने गंभीरता से लिया। इसके बाद संबंधित विभागों के माध्यम से सड़क निर्माण की योजना तैयार कर उसे स्वीकृति प्रदान की गई।

1.28 करोड़ रुपये की दो सड़क योजनाओं को मिली मंजूरी
उपायुक्त ने बताया कि मधुबन पंचायत में दो नई पीसीसी सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
पहली योजना – पिपराडीह से दलुआडीह तक बनेगी सड़क
पहली योजना के तहत मधुबन पंचायत के पिपराडीह से दलुआडीह तक पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 88 लाख 62 हजार 400 रुपये निर्धारित की गई है। इस योजना में आवश्यक पुलिया निर्माण भी शामिल है।
दूसरी योजना – कोठटांड़ से वाइल्ड लाइफ सीमा तक सड़क
दूसरी योजना के अंतर्गत कोठटांड़ से वाइल्ड लाइफ सीमा तक पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की लागत 39 लाख 57 हजार 400 रुपये है।

एनईआरपी होगी कार्य एजेंसी, जल्द जारी होगा टेंडर
डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि दोनों सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य एनईआरपी (NERP) के माध्यम से कराया जाएगा। जल्द ही इन योजनाओं का टेंडर जारी होगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

ग्रामीणों को सौंपा स्वीकृति पत्र
बैठक के दौरान उपायुक्त ने दोनों सड़क योजनाओं का स्वीकृति पत्र ग्रामीणों को सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की घोषणा पर खुशी जताई और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।












