डीजे के बकाया रुपये मांगने पर हुआ विवाद, बुजुर्ग की गई जान
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत मनसाडीह ओपी क्षेत्र के कुंडी गांव में डीजे के 13 हजार रुपये के बकाया भुगतान को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोमवार शाम हुई इस घटना में 65 वर्षीय जागेश्वर भुला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामा खेरवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

शादी समारोह के बाद नहीं चुकाया गया था डीजे का किराया
पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले जागेश्वर भुला के घर शादी समारोह आयोजित हुआ था। उनके कहने पर गांव के ही रामा खेरवार ने 13 हजार रुपये में डीजे की व्यवस्था कराई थी। आरोप है कि समारोह के बाद भी डीजे का किराया नहीं चुकाया गया, जिसके कारण रामा खेरवार को खुद डीजे संचालक को भुगतान करना पड़ा। इसके बाद से वह लगातार अपनी राशि वापस मांग रहा था।

कहासुनी मारपीट में बदली, सिर पर लाठी लगने से हुई मौत
सोमवार को रामा खेरवार बकाया राशि मांगने जागेश्वर भुला के घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में रामा खेरवार ने लाठी से जागेश्वर भुला के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी प्रभारी अरविंद ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। वहीं छापेमारी कर आरोपी रामा खेरवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी ने पुलिस के सामने कही यह बात
गिरफ्तारी के बाद आरोपी रामा खेरवार ने पुलिस को बताया कि उसने जानबूझकर हत्या नहीं की। उसके अनुसार, दोनों के बीच झगड़े के दौरान लाठी लगने से जागेश्वर भुला की मौत हो गई।
एसडीपीओ ने की घटना की पुष्टि
खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि कुंडी गांव में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












