बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ
गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित बीसीसी रोड पर बजरंगबली मंदिर के सामने एक बंद मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात के साथ करीब 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटी के इलाज के लिए गई थीं हजारीबाग, लौटने पर टूटा मिला ताला
घर लौटते ही सामने आया चोरी का मामला
पीड़िता श्वेता सिन्हा ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पति रितेश सिन्हा काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। वह अपनी बेटी के इलाज के लिए हजारीबाग गई थीं, जिसके कारण घर कई दिनों से बंद था।
शुक्रवार को जब वह वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे के दोनों ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे कीमती सामान गायब थे।

10 भर सोना, 400 ग्राम चांदी और 5 लाख रुपये नकद चोरी
पीड़िता के अनुसार चोर घर से करीब 10 भर सोने के जेवरात, लगभग 400 ग्राम चांदी के आभूषण और करीब 5 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जाएंगे सीसीटीवी फुटेज
आसपास के कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।











