पांडेडीह मोड़ के पास हुआ हादसा, ट्रांसफार्मर, मोबाइल, नकदी समेत पूरा सामान जलकर राख; सिलेंडर फटने की आशंका
गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महेशमुंडा-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित पांडेडीह मोड़ के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पटना से गिरिडीह आ रही सीएनजी टाटा मैजिक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को अपनी जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से कूदना पड़ा। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन और उसमें लदा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही वाहन धू-धू कर जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। तब तक टाटा मैजिक पूरी तरह जल चुकी थी।
वाहन चालक मिथलेश कुमार ने बताया कि वह बिहार के पटना से मोबाइल टावर का ट्रांसफार्मर और अन्य सामान लेकर गिरिडीह आ रहे थे। पांडेडीह मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक वाहन में आग लग गई। चालक के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर सीएनजी सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
चालक ने बताया कि वाहन में रखा उनका मोबाइल फोन, नकदी और अन्य जरूरी सामान भी आग की चपेट में आ गया, जिसे निकालने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब उनके पास घर लौटने तक के लिए पैसे भी नहीं बचे हैं। इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते चालक वाहन से बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।












