स्थानीय लोगों की सूझबूझ से दोनों बच्चों की बची जान, एक की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
गिरिडीह: सरिया प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल राजदाह धाम में निर्जला एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्नान के दौरान दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की तत्परता से दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इलाज के बाद बच्चे की हालत सामान्य, श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील
जानकारी के अनुसार, राजधनवार से आए श्रद्धालुओं के साथ पहुंचे दोनों बच्चे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए। एक बच्चे को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद देवकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के इलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल रहा। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि स्नान के दौरान बच्चों पर विशेष नजर रखें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।











