जिले में 2,337 पोलियो बूथ तैयार, 4,793 स्वास्थ्यकर्मी और 453 सुपरवाइजर रहेंगे तैनात
गिरिडीह: जिले में 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाई जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जिले के 4,91,038 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ट्रांजिट और मोबाइल टीम भी रहेंगी सक्रिय, कोई बच्चा नहीं छूटेगा
अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 2,337 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 4,793 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कर्मी तैनात रहेंगे। निगरानी के लिए 453 सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा 45 ट्रांजिट दल और 9 मोबाइल दल भी गठित किए गए हैं, ताकि यात्रा कर रहे परिवारों और दूर-दराज के इलाकों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक मिल सके। वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए 210 सब-डीपो बनाए गए हैं तथा अभियान हेतु 6,21,180 डोज बीओपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है।
अभिभावकों से बच्चों को बूथ तक लाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 से 30 जून के बीच सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं। यदि कोई बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर भी उसे पोलियो की खुराक पिलाएंगे। विभाग ने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है और हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।












