इंडियन पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, ऑटो पलटने से मची अफरा-तफरी; पुलिस ने शुरू की जांच
गिरिडीह: तिसरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर गम्हारियाटांड़ स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में कुल आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में 63 वर्षीय सहदेव हजाम और 4 वर्षीय प्रियांशु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। वहीं बाइक सवार यमुना दास के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। खटपोंक के मुखिया जानकी यादव और समाजसेवी प्रकाश यादव ने भी अपनी गाड़ी से कई घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में कविता कुमारी, रिंकी देवी, रोहित दास समेत अन्य लोग शामिल हैं।
बताया गया कि खटपोंक गांव के ग्रामीण बेलकुशी महादेव मंदिर में आयोजित विवाह समारोह से ऑटो से लौट रहे थे। इसी दौरान खिजुरी की ओर जा रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के समय ऑटो में तीन माह का एक मासूम भी सवार था, जो चमत्कारिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी मां के हाथ में हल्की चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो व बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।












