गिरिडीह: जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को बेंगाबाद प्रशासन ने मोतीलेदा बालू घाट पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू ढो रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
मोतीलेदा बालू घाट पर छापेमारी के दौरान पकड़ा गया ट्रैक्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद के अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में मोतीलेदा बालू घाट पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। प्रशासन की ओर से वाहन को थाना ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश, सड़क किनारे गड्ढे में पलटा
जब्त ट्रैक्टर को थाना भेजने के लिए एक चौकीदार को वाहन पर बैठाकर रवाना किया गया था। इसी दौरान चालक ने अचानक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर भगाने का प्रयास किया। भागने के क्रम में तेलोनारी गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
चालक और चौकीदार बाल-बाल बचे
हादसे के दौरान ट्रैक्टर पर सवार चालक और चौकीदार दोनों सुरक्षित बच गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
अवैध बालू कारोबारियों में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनजीटी के नियमों की अनदेखी करते हुए मोतीलेदा बालू घाट से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का उठाव किया जाता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












