गिरिडीह: NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जिले के विभिन्न होटल, लॉज और अन्य ठहराव स्थलों की जांच अभियान चलाया। इस दौरान परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के ठहरने से संबंधित जानकारी एकत्र की गई तथा होटल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तीन परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिले में NEET-UG 2026 के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 के प्रावधानों का पालन कराया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती
परीक्षा के सफल संचालन के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और अभ्यर्थियों की सघन जांच की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर भी परीक्षा की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।












