गिरिडीह/देवरी
गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड के भोजपुरो गांव में शनिवार को एक आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे की बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित परिवार ने बताया कि जब वे घर में मौजूद थे, तभी पारो यादव और उसके परिवार के अन्य सदस्य गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए और फरसा, कुल्हाड़ी व लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में बेटे, बहू और अन्य परिजनों सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में जारी है।

पीड़िता माला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि झगड़े के दौरान उनके और उनकी बेटी के गले से सोने की चेन छीन ली गई, साथ ही उनके बेटे महावीर यादव की जेब से ₹10,000 नकद भी निकाल लिए गए। माला देवी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी पक्ष पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।