झारखंड में मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत सितंबर माह की राशि मंगलवार से महिलाओं के खाते में जाने लगी है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों को दशहरा से पहले लाभुकों के खाते में 2,500 रुपये हस्तांतरित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलश स्थापना के कारण अवकाश रहा, लेकिन मंगलवार से विभिन्न विभागों द्वारा राशि भेजना शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संदेश भी लाभुकों के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से आने लगा है। इस संदेश में उन्होंने महिलाओं को जोहार करते हुए कहा कि इस बार उनकी दुर्गापूजा की खुशियां दोगुनी होंगी। राज्य सरकार लाभुक महिलाओं के खाते में राशि समय पर पहुंचाने के लिए पूरी तत्परता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत झारखंड की सभी महिलाओं के खातों में नियमित रूप से यह सम्मान राशि भेजी जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक मजबूती और सशक्तिकरण देना है, ताकि वे स्वावलंबी बनें और राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बन सकें।