राज्य की राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस वाहन चेकिंग अभियान में 2018 बैच की दरोगा संध्या टोपनो लगी हुई थी। इस दौरान अहले सुबह 3 बजे के आसपास पशुओं से लदा एक पिकअप वैन सामने से तेज गति से आ रहा था और भागने के फिराक में था। इस दौरान जब दरोगा ने रोकने की कोशिश की तो वाहन चालक दरोगा को ही कुचल दिया जिससे दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई और चालक वाहन सहित अनबैलेंस होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी राजा कुमार मिश्रा, धुर्वा और जगन्नाथपुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार सिमडेगा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गौतस्करी के लिए पिकअप वैन से पशुओं को ले जा रहे हैं। सूचना के बाद सिमडेगा के बसिया थाना पुलिस ने पिकअप वैन का पीछा किया। पीछा होता देख पिकअप वैन चालक अपने वाहन को और तेज गति से खूंटी की ओर भगाने लगा। तो इसकी सूचना रांची पुलिस को दी गई। सूचना पर रांची पुलिस ने खूंटी रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास वाहन चेकिंग लगाया। इस वाहन चैकिंग में सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो दलबल के साथ लगी हुई थी। इस दौरान देखा कि सामने से तेज गति से एक सफेद रंग का पिकअप वैन आ रहा है। जिसे रुकने का इशारा किया गया. लेकिन रुकने के बजाय चालक महिला दरोगा के ऊपर वाहन चढ़ाकर भागने लगा। जिससे दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद गश्ती दल ने उस वाहन का पीछा किया और उसे दबोच लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।