देवघर से एसएससी की परीक्षा देकर अपने घर लौट रहे गिरिडीह के एक युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पचंबा थाना क्षेत्र के परियाना के पास उस समय हुआ जब विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को पकड़ लिया है।
घर से कुछ ही दूरी पर हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रविवार को देवघर में आयोजित जेएसएससी परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना के समीप एक स्कूल के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक को कुछ दूर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पचंबा पुलिस ने पीछा करते हुए पथला नावाडीह के पास ट्रक को पकड़ लिया और उसे अपने कब्जे में ले लिया।
इधर, स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से गुजर रही एक एंबुलेंस को रोककर घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सात महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
उमेश कुमार मंडल की शादी करीब सात महीने पहले ही हुई थी। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पचंबा पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।












