बेंगाबाद के पहाड़पुर गांव में सनसनीखेज वारदात, प्रेम प्रसंग से जोड़कर पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने युवती और उसके माता-पिता को हिरासत में लिया, फॉरेंसिक टीम की मदद से होगी जांच
बेंगाबाद। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलगो पंचायत के पहाड़पुर गांव में एक 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। किशोर के शव को धारदार हथियार से कई हिस्सों में काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने और शरीर के धड़ को मिट्टी में दबाने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव के विभिन्न हिस्सों को बरामद कर कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद भी ली जाएगी।
रविवार से लापता था किशोर
मृतक की पहचान जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह गांव निवासी मथुरा रविदास के पुत्र मिथुन उर्फ कारू दास (16 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि मिथुन चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
परिजनों के अनुसार, किशोर बीते रविवार को घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला।
लगातार खोजबीन के बाद गुरुवार को परिजन घर से करीब 6 किलोमीटर दूर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत स्थित पहाड़पुर गांव पहुंचे।
खजूर के पेड़ के पास मिला पैर और हाथ, मिट्टी में दबा था धड़
परिजनों के अनुसार, पहाड़पुर गांव में एक व्यक्ति के घर के समीप खजूर के पेड़ के पास किशोर का कटा हुआ पैर मिला। कुछ दूरी पर एक कटा हुआ हाथ भी बरामद हुआ।
इसके बाद आसपास खोजबीन करने पर किशोर का धड़ मिट्टी में दबा हुआ मिला। शव की इस हालत को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद वे तुरंत बेंगाबाद थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार दोपहर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ सफी आलम, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, एसआई विजय मंडल और एएसआई बुद्धेश्वर सरदार पुलिस बल के साथ पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव के क्षत-विक्षत हिस्सों को कब्जे में लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग के एंगल से जांच
पुलिस इस हत्याकांड को प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग के एंगल से जांच रही है। परिजनों के अंदेशे के आधार पर पुलिस ने एक युवती और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
क्या बोले एसडीपीओ जीतवाहन उरांव?
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला ऑनर किलिंग से संबंधित प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शव के सभी हिस्सों को बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। मामले के उद्भेदन के लिए फॉरेंसिक टीम की सहायता ली जाएगी। फिलहाल एक युवती और उसके माता-पिता पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक जांच से खुल सकते हैं हत्या के राज
पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की मदद से हत्या की पूरी गुत्थी सुलझाने में जुटी है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के तरीके, समय और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकेगी।





