गैस कटर और क्रेन की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित निकाला गया
गिरीडीह/डुमरी: गिरीडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जीटी रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हैठ टोला के समीप सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक से तेज रफ्तार हाइवा की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर फंस गया।
खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार हाइवा
जानकारी के अनुसार, कोलकाता से पटना की ओर जा रहा ट्रक हैठ टोला के पास खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा हाइवा अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
गैस कटर से काटना पड़ा क्षतिग्रस्त केबिन
हादसे की सूचना मिलते ही डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह फंसा होने के कारण तत्काल बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद गैस कटर की मदद से हाइवा के क्षतिग्रस्त केबिन को काटने का काम शुरू किया गया।
केबिन का हिस्सा हटाने के लिए क्रेन और जेसीबी की भी मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया गया। बताया गया कि चालक सुरक्षित है।
कुछ देर प्रभावित रही जीटी रोड पर आवाजाही
दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। चालक को निकालने के शुरुआती प्रयास सफल नहीं होने पर गैस कटर और क्रेन की मदद ली गई, जिसके बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।





