गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर जंगल से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन और बैंक खातों के जरिए लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बिराजपुर जंगल में कुछ अपराधी मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल में छापेमारी की और दो आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोगों को फर्जी APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। ठगी के लिए Today Delivery.apk, RTO E-Challan.apk, Customer Support.apk, IndusInd Bank E.apk और Hospital Appointment Booking.apk जैसे नकली एप का इस्तेमाल किया जाता था। इसके अलावा फर्जी बैंक खातों के जरिए अवैध लेन-देन भी किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेंगाबाद निवासी 27 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार मंडल और देवघर जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय फारूक अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
इस संबंध में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 19/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।











