रांची पहली बार ऐसा हुआ है कि झारखंड़ कि राजधानी रांची में इतनी गर्मी पड़ रही है। रांची में 56 साल का रिकॉर्ड टूट सकता है। रांची का तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल माह भी सूखा रहेगा, बारिश होने के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि दिन के 12 बजे से 4 बजे तक घर से निकलने से बचें। बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकले।
धनबाद, जमशेदपुर, संथाल परगना, पलामू समेत झारखंड के अन्य हिस्सों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस डालटेनगंज में रिकॉर्ड किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान गढ़वा में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। राजधानी रांची में भी गर्मी कहर बरपा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों में लोगों को राहत मिल सकती है। उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी भागों के कई जिलों में 13 से 14 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है इसके साथ ही गर्जन के साथ बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। 16 और 17 अप्रैल को झारखंड की उत्तर भाग में कहीं-कहीं पर आंशिक बादल के साथ हल्की बारिश की भी अनुमान है।










