पूरे देश में आज कारगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है। वर्ष 1999 में देश के वीर जवानों ने कारगिल युद्ध में विजय हासिल किया था।
आज इस कारगिल युद्ध का 23 वर्ष पूरा हो चुका है। बोकारो में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से कारगिल विजय दिवस मनाया गया। इस दौरान चास के भारत माता प्रतिमा से सेक्टर चार स्थित गांधी प्रतिमा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के बाद सिटी पार्क स्थित शहीद स्मारक में सभी पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि ,अधिकारी और एनसीसी कैडेट्स ने शहीद स्थल में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय गान भी गाया और कारगिल विजय दिवस में जवानों के अदम्य साहस की चर्चा भी की। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने कहा कि आज अगर हम देश में चैन से जीवन व्यतीत कर रहे हैं तो यह देश के जवानों का ही बलिदान और सेवा का परिणाम है ।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि हमारे देश के लोगों में देशभक्ति का जज्बा बना रहे और हम इसी तरह शहीदों को याद करते रहे तो देश हमेशा सुरक्षित रहेगा और हमारे मन में देश भावना बनी रहेगी।