गिरिडीह: छठ महापर्व की खुशियों के बीच गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। रसनजोरी पंचायत के पचनटांड़ गांव में शुक्रवार को बरसाती नदी में नहाने के दौरान डूबने से 12 वर्षीय बालक अंश कुमार की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में छठ पर्व को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां पलभर में मातम छा गया। घटना के बाद पचनटांड़ समेत चिकसोरिया, पिपरासिंघा और आसपास के गांवों में शोक की लहर है।
छठ मनाने धनबाद से गांव आया था अंश
मृतक की पहचान पचनटांड़ निवासी अशोक मंडल के 12 वर्षीय पुत्र अंश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंश अपने परिवार के साथ धनबाद के हीरापुर में रहता था। उसके दादा द्वारिका मंडल गांव में छठ महापर्व मनाते हैं। इसी अवसर पर अंश भी गुरुवार को अपने परिजनों के साथ गांव पहुंचा था।
बच्चों के साथ नदी में नहाने गया था अंश
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:15 बजे अंश गांव के कुछ बच्चों के साथ बरसाती नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। अंश को डूबता देख साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
बच्चों की आवाज सुनकर एक ग्रामीण ने फोन के माध्यम से अंश के चाचा को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अन्य बच्चे भी गांव पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी।
गांडेय सीएचसी से सदर अस्पताल किया गया रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में नदी की ओर दौड़े। ग्रामीणों की मदद से अंश को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
गांडेय सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अंश की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दो बहनों का इकलौता भाई था अंश, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अंश अपने परिवार में दो बड़ी बहनों का इकलौता भाई था। वह धनबाद के एक विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था। बेटे की मौत की खबर से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंश का शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। छठ महापर्व को लेकर घर में बना उत्सवी माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य रकीब अंसारी समेत कई ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में गहरा दुख व्याप्त है।












