रसोई घर और जनरेटर रूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त, एक माह में दूसरी घटना से बढ़ी चिंता
गिरिडीह। सीसीएल गिरिडीह कोलियरी अंतर्गत बनियाडीह स्थित लंकास्टर अस्पताल परिसर में शनिवार रात करीब नौ बजे एक बार फिर भू-धंसान की घटना हुई। अचानक जमीन धंसने से अस्पताल परिसर का रसोई घर और जनरेटर रूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भू-धंसान के बाद घरों से बाहर निकले लोग
सामान टेंपो में लादकर सुरक्षित स्थान की ओर रवाना हुए परिवार
भू-धंसान की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में रह रहे परिवारों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। खतरे की आशंका को देखते हुए कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ परिवारों ने रात में ही अपने घर का सामान टेंपो पर लादकर सुरक्षित स्थान की ओर जाना शुरू कर दिया।
अचानक घर खाली कर लोगों के बाहर निकलने से परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

एक माह पहले भी हो चुका है भू-धंसान
पहले ही डेंजर जोन घोषित हो चुका है अस्पताल परिसर
बताया जाता है कि करीब एक माह पहले भी लंकास्टर अस्पताल परिसर में भू-धंसान की घटना हुई थी। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल का संचालन बनियाडीह ऑफिसर्स क्लब में स्थानांतरित कर दिया गया था।
सीसीएल प्रबंधन ने अस्पताल परिसर को डेंजर जोन घोषित करते हुए वहां रह रहे लोगों को परिसर खाली करने का नोटिस भी दिया था। नोटिस के बाद कई स्टाफ और उनके परिवारों को दूसरे क्वार्टर में शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी।

लगातार बारिश के बीच दोबारा धंसी जमीन
दोबारा भू-धंसान की घटना से परिसर में रह रहे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच जमीन धंसने की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।






