सड़क हादसे में पहले पिता-पुत्र ने तोड़ा दम, इलाज के दौरान मां और दूसरे बेटे की भी मौ,त
डुमरी। निमियाघाट थाना क्षेत्र के निमियाघाट ओवरब्रिज के समीप रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता और तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल मां और दूसरे बेटे ने सोमवार को धनबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान चैनपुर परसाटांड़ निवासी देवेंद्र महतो, उनकी पत्नी सोनी देवी, तीन वर्षीय पुत्र चीकू कुमार और दूसरे पुत्र डुग्गू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोमो से घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
ट्रक से टकराई बाइक, मौके पर पिता-पुत्र की मौत
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र महतो अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ बाइक से गोमो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निमियाघाट ओवरब्रिज के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवेंद्र महतो और उनके तीन वर्षीय पुत्र चीकू कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धनबाद में इलाज के दौरान मां और बेटे की भी मौत
एक के बाद एक चार मौतों से परिवार में पसरा मातम
दुर्घटना में सोनी देवी और उनके दूसरे बेटे डुग्गू कुमार को गंभीर चोटें आई थीं। दोनों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया था।
धनबाद के एक निजी अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार को इलाज के दौरान सोनी देवी और डुग्गू कुमार ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
गांव में शोक की लहर
इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही चैनपुर परसाटांड़ और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। घटना ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार के लिए यह हादसा ऐसा गहरा जख्म छोड़ गया है, जिसकी भरपाई शायद कभी संभव नहीं होगी।





