गिरिडीह: जिले में अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर गिरिडीह पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान जिले में पहली बार विशेष इन्वेस्टीगेशन सेल (Special Investigation Cell) के गठन की घोषणा की। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि इस विशेष जांच इकाई का उद्देश्य गंभीर एवं संवेदनशील मामलों की गहन, वैज्ञानिक और प्रभावी जांच सुनिश्चित करना है। नई व्यवस्था के माध्यम से अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने, अपराधियों तक तेजी से पहुंच बनाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
मुख्यालय और खोरीमहुआ में अलग-अलग टीमें
जानकारी के अनुसार, नवगठित इन्वेस्टीगेशन सेल को दो भागों में विभाजित किया गया है। पहला सेल गिरिडीह मुख्यालय में कार्य करेगा, जिसमें सात सदस्यीय टीम तैनात रहेगी। वहीं दूसरा सेल खोरीमहुआ अनुमंडल में स्थापित किया गया है, जहां पांच सदस्यीय टीम अपनी सेवाएं देगी।
वैज्ञानिक जांच और तकनीकी विश्लेषण पर रहेगा फोकस
विशेष जांच टीम जिले में होने वाली बड़ी, जटिल और संवेदनशील घटनाओं की जांच में संबंधित थाना पुलिस को सहयोग प्रदान करेगी। इसके अलावा घटनास्थल से साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण और अन्य वैज्ञानिक अनुसंधान प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जाएगा।
इस पूरी व्यवस्था की निगरानी और संचालन के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे।
पुलिसिंग व्यवस्था होगी और मजबूत
पुलिस विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से अनुसंधान प्रक्रिया में तेजी आएगी, मामलों के निष्पादन की गुणवत्ता बेहतर होगी तथा अपराधियों के खिलाफ सशक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। जिले में पहली बार इस तरह की विशेष जांच इकाई का गठन पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस पहल से आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है, साथ ही गंभीर मामलों के त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन का रास्ता भी आसान होगा।











