गावां थाना क्षेत्र के सेरुआ स्थित नवनिर्मित देवी मंडप चल रहे नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन शुक्रवार को यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव के आसपास क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव के महिला-पुरुष सुबह से ही परिक्रमा स्थल व देवी मंडप में विधिवत पूजा अर्चना की। इस दौरान ओम नम: शिवाय, बोलबम, जय श्री राम, दुर्गा माई की जय के उद्घोषों व मंदिरों की घंटियों की ध्वनि से पूरा क्षेत्र गुंजायमान होते रहा। यज्ञ मंडप की परिक्रम के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोंच्चारण की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा है। यहां सुबह बजे से पांच से दस बजे तथा शाम चार बजे से रात्रि नौ बजे तक परिक्रमा के लिए श्रद्धालु महिला, पुरुष तथा बच्चे परिक्रमा में भाग ले रहे हैं। आचार्य राम रतन शास्त्री ने बताया कि यज्ञ से विश्व का कल्याण होता है। इसलिए समय-समय पर यज्ञ के कल्याण के लिए महायज्ञ जरूरी है। यज्ञ मंडप में 11 आचार्यों द्वारा पूजा अर्चना, हवन आदि का संचालन किया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कमेटी के सदस्य पूरी तरह मुस्तैद था। बता दें कि नौ दिवसीय महायज्ञ समिति के अध्यक्ष कैलाश यादव की देखरेख में किया जा रहा है। यज्ञ के दौरान रात्रि में पीरटांड़ से आये राम रतन शास्त्री व बनारस से श्री गंगा शास्त्री का प्रवचन हो रहा है। यज्ञ की पूर्णाहुति 10 जून को पूरे विधि विधान के साथ की जाएगी। पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के कलश का भी विसर्जन सकरी नदी में किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस यज्ञ में गावां प्रखंड के विभिन्न जगहों से श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है।












