रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची रेल मंडल ने महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए रांची से टोरी के बीच महिला स्पेशल ट्रेन चलाई। खास बात यह रही कि इस ट्रेन का संचालन पूरी तरह महिलाओं द्वारा किया गया। ट्रेन में लोको पायलट, गार्ड, टीटी से लेकर सुरक्षा के लिए तैनात आरपीएफ तक सभी महिलाएं थीं।
लोको पायलट दीपाली अमृत, जिन्होंने इस ट्रेन का संचालन किया, ने इसे अपने बचपन का सपना बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन चलाने की चाहत हमेशा से थी, लेकिन समाज में यह धारणा थी कि महिलाएं यह जिम्मेदारी नहीं संभाल सकतीं। आज वे अपने सपने को साकार कर रही हैं और यह साबित कर रही हैं कि महिलाएं किसी भी चुनौतीपूर्ण काम को कर सकती हैं।
रांची रेल मंडल के डीसीएम निशांत कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की क्षमताओं को सामने लाना है और समाज को यह संदेश देना है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। इस पहल से महिलाओं को न केवल सम्मान मिला बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी बनी।