महिला थाना के समीप रविवार रात एक महिला को बेहोशी की हालत में देख दो महिलाओं ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।सोमवार को महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था।इस बाबत भुक्तभोगी महिला सुनीता सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी कुछ वर्षों पूर्व हुटी बाजार के रहने वाले मो. परवेज के साथ हुई है।बताया कि कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। लेकिन बाद में उसके पति और ससुरवालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उसके साथ अक्सर मारपीट करने लगे। बताया कि शादी हो जाने के बाद भी ससुराल परिवार लोगों नें इसे घर से बाहर निकाल दिया और उसके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं रहा। कुछ दिनों तक सिहोडीह मे रहने वाली उसकी बहन ने उसे अपने घर में रखा और अब वह भी उसे अपने घर में रखने के लिए तैयार नहीं है। बताया कि रविवार को उसके पति परवेज ने उसे अपने पास बुलाया था।जिसके बाद वह अपने पति से मिलने के लिए गयी हुई थी। इसी दौरान उसके पति और अन्य सदस्यों ने उसे जबरन कीटनाशक खिला कर उसे महिला थाने के बाहर बीच रोड़ पर फेंक दिया।वंही महिला को अस्पताल पहुंचाने वाली महिला खुशी ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ महिला थाना के बगल से गुजर रही थी। इसी दौरान उनकी नजर उक्त महिला पर पड़ी जिसके बाद उन्होंने महिला को उठा कर टोटो से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।इधर मामले की सूचना पर नगर थाना प्रभारी आरएन चौधरी भी सदर अस्पताल पहुंचे और महिला का हाल जाना। इस बाबत थाना प्रभारी ने महिला को कार्रवाई करने का भरोसा दिया।










