गावां प्रखंड मुख्यालय में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन बीडीओ महेंद्र रविदास के अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला सिविल जज हेमंत कुमार सिंह उपस्थित थे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत जेएसएलपीएस समूह के महिलाओं ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट देकर व माथे पर तिलक लगाकर पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पांच लाभुकों को केसीसी ऋण का स्वीकृति पत्र दिया गया। वहीं जेएसएलपीएस की ओर से पांच महिला सहायता समूह को ऋण का चेक दिया गया। इसके अलावा दस आवास स्वीकृति पत्र, छह वृद्धा पेंशन, दो विधवा पेंशन, एक विकलांग पेंशन, पांच ग्रीन कार्ड, बारह धोती साड़ी एवं दो ट्राई साइकिल का वितरण लाभुकों के बीच किया गया। जिला सिविल जज हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक अभिवंचितों को अधिकार सुनिश्चित कराना ही मेगा विधिक सेवा सशक्तीकरण शिविर का मुख्य उद्देश्य है। सरकार द्वारा कई तरह के जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। इसका लाभ सभी लोगों तक पहुंचे और उनको अपने अधिकार की जानकारी मिले। कहा कि जनजागरूकता के अभाव में बाल विवाह अधिक हो रहा है। इसे रोकने की जरूरत है तभी समाज व क्षेत्र विकसित होगा।
अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रखंड के हरेक लोगों को कानूनी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। यह कार्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से किया जा रहा है। ऐसा देखा जाता है कि आम तौर पर लोग कानूनी जानकारी से वंचित रहते हैं और वह अंधविश्वास पर भरोसा कर गलत कदम उठा लेते हैं। जिन्हें इन शिविरों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम लोगों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवा वितरित की गयी। वहीं 38 लोगों को कोरोना का वैक्सीन भी दिया गया। बाल संरक्षण इकाई द्वारा बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर जोर दिया गया।
मौके पर सीओ दीपक कुमार, एमओ प्रदीप राम, जेएसएलपीएल कार्यक्रम प्रबंधक, मनोज कुमार, जिप सदस्य पवन चौधरी, मुखिया कन्हाई राम, बिटीटी राजदा खातुन, सहदेव साव, मुकेश वर्मा, अमित कुमार, प्रिंयका गुप्ता, रेशमा कुमारी, संजू चंद्रवंशी, गुलशन आरा, रविन्द्र कुमार समेत कई उपस्थित थे।