शहरी विकास, आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं सहित सभी शहरी निकायों के चुनाव जल्द कराए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए चुनाव की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सरकार को ट्रिपल टेस्ट की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और विभाग उसके अध्ययन में जुटा है।
उन्होंने कहा कि विभाग जल्द ही मुख्यमंत्री और अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक कर अंतिम निर्णय लेगा। चुनाव की संभावित तिथि दिसंबर 2025 के अंत तक या जनवरी 2026 की शुरुआत में तय की जा सकती है। मंत्री सोनू ने यह भी स्पष्ट किया कि इन चुनावों में पिछड़ी जातियों के आरक्षण के मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया जाएगा, ताकि सभी वर्गों का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।
मंत्री ने जनता से अपील की कि वे चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। नगर निगम चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।