पंचायत चुनाव मतगणना कार्य बुधवार को दूसरे दिन भी बोडों के बाजार समिति में सुचारू रूप से जारी रहा।यहां मतगणना कार्य की स्थिति में पहले दिन के बनिस्पत काफी सुधार देखने को मिला।
बताया गया कि गिरिडीह सदर, जमुआ एवं गांडेय में संपन्न हुए मतदान के बाद 17 मई से मतगणना का कार्य प्रारंभ हुआ है। जिसमें पहले दिन मतगणना की रफ्तार काफी धीमी रही थी। लेकिन आज दूसरे दिन मतगणना में काफी तेजी देखने को मिली।
हालांकि मतगणना से संबंधित आधिकारिक रिपोर्ट मीडिया को देने में दूसरे दिन भी जिला प्रशासन द्वारा काफी कोताही बरती गई।आधिकारिक रूप से किसी भी प्रत्याशी की जीत की जानकारी मीडिया को उपलब्ध नहीं कराई गई है। जबकि विभिन्न पदों के प्रत्याशी चुनाव जीतकर प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर रहे हैं। उन तमाम विजयी प्रत्याशियों को मतगणना हॉल में उपस्थित निर्वाची पदाधिकारी द्वारा विजयी प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा रहा है। लेकिन मीडिया को कोई आधिकारिक सूचना प्रदान नहीं की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गिरिडीह सदर प्रखंड के अलगुंन्दा पंचायत से भागीरथ मंडल लगातार तीसरी बार चुनाव जीत गए हैं। उन्हें निर्वाची पदाधिकारी द्वारा जीत का प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिया गया है। वही गिरिडीह प्रखंड के ही बरहमोरिया पंचायत के मुन्नालाल लगातार तीसरी बार मुखिया के पद पर विजई हुए हैं। गिरिडीह सदर प्रखंड के बदगुंदा खुर्द से फूलचंद बास्के, जीतपुर पंचायत से बीरबल मंडल पालमो पंचायत से किन्नी देवी, करहरबारी पंचायत से शायरा खातून मुखिया पद पर विजय घोषित हुए हैं। वही गिरिडीह सदर प्रखंड के पालमो पंचायत से पंचायत समिति सदस्य पद पर क्रांति देवी ने चुनाव जीता है।
वही गांडेय प्रखंड के गांडेय पंचायत से पंचायत समिति सदस्य पद पर मधुमाला देवी एवं मेदनीसारे पंचायत से पंचायत समिति सदस्य पद पर सुलेखा देवी ने चुनाव जीता है। वहीं गांडेय के घाटकुल पंचायत से अब्दुल हसीम मुखिया के पद पर, मेदनीसारे पंचायत से दशरथ किस्कु ने, गांडेय पंचायत से अमृत लाल पाठक ने मुखिया पद पर चुनाव जीता।
जबकि जमुआ प्रखण्ड के धुरैता पंचायत से प्रदीप कुमार सिंह, रेम्बा पंचायत से धीरेंद्र मण्डल ने मुखिया के पद पर विजयी प्राप्त किया।
वहीं जमुआ प्रखण्ड के जिला परिषद भाग संख्या 14 से विजयी कुमार पांडेय, गांडेय के भाग संख्या 43 से शब्बीर अंसारी, गिरिडीह प्रखण्ड के गिरिडीह पश्चिमी भाग संख्या 36 से प्रवीण मुर्मू ने जिला परिषद सदस्य पद पर विजयी प्राप्त किया।










