गिरिडीह
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत झारखंड की महिलाओं को रक्षाबंधन से पहले एक बड़ी राहत मिलने वाली है। राज्य सरकार ने जून माह की राशि को जल्द लाभुकों के खातों में भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने इसको लेकर सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
शुक्रवार को निदेशालय ने पत्र जारी करते हुए कहा कि जुलाई की राशि का वितरण जल्द पूरा कर लाभुकों के बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसका उद्देश्य यह है कि रक्षाबंधन जैसे पावन त्योहार से पहले महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल सके और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और कदम बढ़ा सकें।
गौरतलब है कि यह योजना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अगस्त 2024 से शुरू की गई थी। इसके तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर महीने ₹2,500 यानी सालाना ₹30,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना का लाभ झारखंड के लाखों महिलाओं को मिल रहा है।
इसी क्रम में रांची जिले की 3,85,751 महिलाओं को शुक्रवार को ₹96.43 करोड़ की राशि दी गई। जून माह की राशि का भुगतान 31 जुलाई को किया गया, जबकि 10 जुलाई को मई माह की बकाया राशि लाभुकों को दी गई थी।
अब जल्द ही गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, हजारीबाग समेत अन्य जिलों की महिलाओं के खातों में भी राशि भेजी जाएगी। जिला स्तर पर भुगतान प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि राशि समय पर लाभुकों तक पहुंचे।