अंबेडकर चौक पर शुक्रवार को 11 वें दिन भी किसान मंच का अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा।इस दौरान होली मनाते हुए किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।बताया गया कि बिना घूस का रजिस्टर टू और खतियान का नकल दिलाने की मांग को लेकर तिसरी अंचल के गोलगो मौजा कमिटी के अध्यक्ष दासो मुर्मू के नेतृत्व में ये लोग अनिश्चितकालीन धरना पर डटे रहे। धरना को संबोधित करते हुए किसान मंच के जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि गिरिडीह जिले में जितने दल के विधायक हैं उन सभी दलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ अन्य राजनैतिक दल के निष्ठावान पदाधिकारी व कार्यकर्ता किसानों के साथ हमदर्दी रख रहे हैं। इसलिए हम किसानों को पूरा भरोसा है कि जिले के विधायकों का भ्रष्ट अधिकारियों के साथ जो याराना है। उसे खत्म करके किसानों के पक्ष में आना ही होगा। किसान मंच बिना घूस का रजिस्टर टू और खतियान लेकर रहेगा।मौके पर किसान मंच के संरक्षक अजित कुमार सिन्हा, जद यू नेता त्रिभुवन दयाल, दासो मुर्मू, हेमलाल सिंह, मुन्नी हेंब्रम, बबुआ मुर्मू, छत्र धारी सिंह, मती टुडू, सरजू हांसदा, चु ड्रा मुर्मू, मंगरू सोरेन, शुक्रा मुर्मू, बासुदेव मरांडी, जागो मुर्मू समेत कई किसान मौजूद रहे।










