आज नई दिल्ली में झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाक़ात में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद विजय कुमार हांसदा भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
खास तौर पर गिरिडीह, धनबाद, देवघर, खूंटी, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) ज़िलों के ज़िला अस्पतालों को PPP मोड में मेडिकल कॉलेजों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को लेकर विस्तृत संवाद हुआ। राज्य प्रतिनिधिमंडल ने इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध भी किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने इस दिशा में सैद्धांतिक सहमति जताते हुए झारखंड के विकास के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आशा जताई कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से झारखंड को स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
हालांकि अस्पतालों के मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाएं तो सुधरेगी ही, इसके साथ ही शिक्षा और रोजगार में भी बढ़ोत्तरी होगी।