गिरिडीह, मधुपुर, धनवार और कोडरमा क्षेत्र की जनसुविधा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए ZRUCC (Eastern Railway) सदस्य एवं भाजपा जिला कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार जालान ने हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस (Train No. 22303/22304) को नए मार्ग — मधुपुर, न्यू गिरिडीह, धनवार एवं कोडरमा होते हुए संचालित करने का प्रस्ताव माननीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को प्रेषित किया।
माननीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने इस प्रस्ताव को अत्यंत सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और इसे रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को अग्रसारित किया, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस प्रस्तावित मार्ग से क्षेत्र की जनता को कोलकाता, गया और अन्य प्रमुख शहरों से तेज, सुरक्षित और सुगम रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
यह नया मार्ग औद्योगिक, सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा। गिरिडीह, मधुपुर, धनवार और कोडरमा के औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों के साथ-साथ बोधगया जैसे धार्मिक पर्यटन स्थलों से जुड़े यात्री और व्यापारी इसका अधिकतम लाभ उठा सकेंगे।
मुकेश कुमार जालान ने इस प्रस्ताव को ZRUCC (Eastern Railway) की बैठक में भी आधिकारिक रूप से प्रस्तुत किया। क्षेत्रीय विकास और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस पहल का स्वागत किया गया है। स्थानीय जनता ने इस कदम को समर्थन एवं सराहना दी है और उम्मीद जताई है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।