बगोदर में सड़क हादसा: मोहरी के पास खड़े ट्रक में कार घुसी
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित मोहरी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी, जिससे कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पटना लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पटना के कंकड़बाग निवासी कुछ लोग कार से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। पूजा के बाद सभी लोग वापस पटना लौट रहे थे। इसी दौरान मोहरी स्थित जीटी रोड पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

तीन घायल, एक को मामूली चोट
इस दुर्घटना में विक्की कुमार, अंकित कुमार और बलराम सिंह घायल हो गए, जबकि चंदन कुमार को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकाला।
माहुरी निवासी बजरंगी पटेल और गोल्डन जायसवाल समेत अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।











