गिरिडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक सुरक्षित बरामद
गिरिडीह जिले में अपहरण और फिरौती मांगने के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की शाम करीब 7:50 बजे गाण्डेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35) का खंडोली के पास से अपहरण कर लिया गया है। अपराधियों ने युवक को अगवा करने के बाद 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।
एसआईटी गठन के बाद चुंजका जंगल से हुई बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित चीना मोड़ चुंजका जंगल में छापेमारी कर अपहृत तसलीम अंसारी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
क्यूआर कोड से वसूले गए 24 हजार रुपये
पीड़ित तसलीम अंसारी ने पुलिस को बताया कि अपराधियों ने उन्हें बंधक बनाकर 10 लाख रुपये की मांग की। इस दौरान अपराधियों ने क्यूआर कोड के जरिए 24 हजार रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए थे।
पांच आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिपराधोडा निवासी मो. सोहेल, चैताडीह निवासी आदिल अंसारी, मोहनपुर निवासी मो. समीर अंसारी, अफरीदी शाह और इरशाद अंसारी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने राजा एवं जाफर उर्फ लल्लुआ के भी घटना में शामिल होने की जानकारी दी है। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने अपराधियों के पास से अपहृत युवक की मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त दो अन्य बाइक, ओप्पो रेनो और वीवो वाई-28 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में बेंगाबाद थाना कांड संख्या 87/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदिल अंसारी और मो. समीर अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। आदिल अंसारी के खिलाफ पचम्बा थाना तथा समीर अंसारी के खिलाफ मुफस्सिल थाना में पहले से मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।











