गावां प्रखंड स्थित बिरने उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सरयू पासवान को सेवानिवृत्त होने पर एक कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें विदाई दी गई। मौके पर मुख्य रूप से बिरने मुखिया चंदन कुमार व पूर्व मुखिया राजकुमार यादव उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक को माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया। वहीं बिरने मुखिया चंदन कुमार ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते हैं। वे हमेशा समाज के लोगों को एक नई दिशा प्रदान करते हैं। जिससे समाज सशक्त और मजबूत होता है। कहा कि प्रधानाध्यापक का यहां का पूरा कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा। इन्होंने पूरे क्षेत्र के लोगों को एक साथ लेकर बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास किया है। पूर्व मुखिया राजकुमार यादव ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद एक शिक्षक का समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। पंसस प्रतिनिधि इनर्देव यादव ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता है। वह जीवन के अंतिम समय तक समाज हित में कार्य करता है।
सेवानिवृत्त शिक्षक सरयू पासवान ने विद्यालय परिवार व स्थानीय ग्रामीणों के प्रति आभार प्रकट जताते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राओं व ग्रामीणों ने जो सम्मान दिया वह कभी भुलाया नहीं जा सकता है। यहां के ग्रामीण और अभिभावकों ने हमेशा हमारा साथ देते हुए बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का भरपूर सहयोग किया है जिसे भुलाया नहीं जा सकता है।
मौके पर राकेश कुमार, राजकुमार यादव समेत कई उपस्थित थे।