गिरिडीह बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर कर्णपुरा के पास मानवी होमियो हॉल के पास रविवार को हुवे सड़क हादसे में 4 लोग घायल हो गए।चारों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया।हालांकि दुर्घटना के बाद कर्णपुरा में मामला उग्र हो गया। घटना के बाद आक्रोशित पब्लिक और पुलिस प्रशासन के बीच नोक झोंक हो गई। मामला अनियंत्रित होने के बाद पुलिस को अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। सूचना पाकर सदर एसडीएम विशालदीप खलको, एसडीपीओ अनिल सिंह, डीएसपी संजय कुमार राणा, इंस्पेक्टर सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। इस दौरान उग्र ग्रामीणों को शांत करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। घटना के बाद कर्णपुरा मोड़ को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सभी दुकाने बंद कर दी गईं। आरोप है कि दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गए। प्रशासन के पहुंचने के बाद उग्र भीड़ प्रशासन से उलझ गई। इस दौरान बेंगाबाद सीओ के साथ धक्का मुक्की होने के बाद मामला और भड़क गया जिसके बाद पुलिस एक्शन मोड़ में आ गई। बताया जाता है पुलिसिया कार्रवाई में कई स्थानीय ग्रामीण भी चोटिल हुए हैं। वहीं पुलिस द्वारा कर्णपुरा बाजार से लगभग दो दर्जन बाइक को उठा कर थाने ले गई।
बताते चलें कि कर्णपुरा मोड़ पर एक कार गिरिडीह से देवघर की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान में घुस गई। इस दुर्घटना में एक तीन साल का बच्चा सहित पांच लोग घायल हो गए। वहीं वाहन पर सवार एक व्यक्ति भी घायल है। हादसे में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के धोबन्नी निवासी दो व्यक्ति और सिमराधाब के दो लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज गिरिडीह मे चल रहा है।
