120 फीट ऊंची पानी टंकी पर 4 साल के बच्चे को लेकर चढ़ा युवक, 3 घंटे बाद दोनों सुरक्षित उतरे
झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अजीडीह में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महादेव तिवारी अपने चार साल के बच्चे को लेकर करीब 120 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ी इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। पुलिस और प्रशासन की लगातार समझाइश के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत में युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पानी टंकी पर बच्चे के साथ चढ़ा युवक, मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने युवक को बच्चे के साथ पानी टंकी के ऊपरी हिस्से पर देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब युवक बच्चे को टंकी की रेलिंग पर चढ़ाकर नीचे फेंकने की बात कहने लगा। इससे वहां मौजूद लोग सहम गए और युवक को लगातार समझाने का प्रयास करने लगे।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवक को नीचे उतारने के लिए बातचीत शुरू की। इसके बाद एसआई शैलेन्द्र कुमार पानी टंकी के ऊपर चढ़े और युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने का भरोसा दिलाया।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिली राहत
पुलिस और प्रशासन की लगातार समझाइश के बाद युवक अपने चार साल के बच्चे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आया। दोनों के सुरक्षित उतरने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
पारिवारिक जमीन विवाद सुलझाने की हुई पहल
नीचे उतरने के बाद पानी टंकी के पास एक पेड़ के नीचे युवक, उसके गोतिया और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत की गई। इसका उद्देश्य पारिवारिक जमीन विवाद को सुलझाने का प्रयास करना था।
स्थानीय लोगों ने युवक के शराब के नशे में होने की बात कही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की समझाइश से एक गंभीर स्थिति को संभाल लिया गया और युवक तथा बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।





